Wednesday, 26 January 2022

वक्त के आईने में
दिख ही जाता है अक्स
अपने-परायों का......

औरतें अक्सर

कुदरत के हिसाब से जीते-जीते
पता ही नहीं चला
कब लाखों दुश्मन बना बैठी मैं
क्यूंकि उन लाखों समाज के ठकेदारों के
उस सभ्य ढांचे में फिट नहीं होती थी मैं..
अगर अपनी हर सांस का भी हिसाब मैं उन्हें देती
उनकी बनाईं हर जंजीर
हर बंधन को
मैं सर झुकाकर मान लेती
भूल जाती कि मुझमें भी सांसें चलती है..
जिंदगी धड़कती है..
और बन जाती उनके इशारों पर चलने वाली
रोबोट सरीखी-सी मशीन
तो सभ्य कहलाती मैं...
मगर विडम्बना कि कुदरत ही रह गई मैं....
और उस ढांचे के किसी काम की नहीं रही मैं
और बहुत देर से समझ पाई
कि औरत अगर एक लम्हा भी अपने लिए चाह लेती है 
तो स्वार्थी, खुदगर्ज और मतलबी समझी जाती है..
और जो हमेशा इस्तेमाल करते है हमारा हर रिश्ते में 
उस सभ्य समाज के लिए बेकार हो जाती है.. 
इसलिए चाहे बाहर से तन्हा रहे 
या फिर भीतर से 
मगर औरतें अक्सर
तन्हा ही रह जाती है...।

रास्तों की ख़ूबसूरती

तुम सबको दिखाने के लिए
कोई शानदार मंजिल नहीं है मेरे पास
शायद इसीलिए जीवन खाली लगे तुम्हें मेरा...
मगर मंजिल नहीं
रास्तों की ख़ूबसूरती को जिया है मैंने..
बाहर से भरी-भरी
जिंदगियों की रिक्तता को करीब से देखा है
और रीती-रीती जिंदगियों की पूर्णता को भी....।

Friday, 21 January 2022

रोड लाइट-सी लड़की

लगता है जैसे तू और मैं

एक ही लड़की के इश्क़ में है

जिसने खो दिया है

दुनिया की भीड़ में खुद को...

उससे फिर से मिलना चाहती हूं मैं 

और शायद तू भी... 

उस नटखट-सी

अपनों की परवाह करने वाली..

छोटी-छोटी चीजों में

खुशी ढूंढ लेने वाली लड़की से 

मेरी तरह.. तुझे भी इश्क़ है शायद...

मगर पता नहीं

उसकी मासूमियत

उसकी बेफ़िक्री  

फिर से लौट पाएंगी या नहीं...

वो सुनसान अंधेरे रास्तों पर

पथ-प्रदर्शक बनी

'रोड लाइट-सी लड़की'

हम दोनों को मिल पाएंगी या नहीं.. ।


 


 

Tuesday, 21 December 2021

ऑनर किलिंग

17 वर्षीय एक किशोर का
अपनी बहन का गला काटकर 
घर की चौखट पर
किसी योद्धा के पारितोषिक की तरह सजाना... 
एक पिता का
अपनी बेटी की कटी हुई मुंडी लेकर 
पूरे गांव में घूमना...
एक पिता और भाई द्वारा
एक नए जीवन को जन्म देने वाली बहन-बेटी को
बड़ी बेरहमी से.. इस दुनिया से रुख़सत करना...
ये सब इज्जत की नहीं
इज्जत की गलत परिभाषाओं से जन्मे
दुस्साहस की कहानियां हैं.....।

Tuesday, 30 November 2021

महज शब्द नहीं

गे..

लेस्बियन..

बाईसेक्सुअल..

ट्रांसजेंडर.. 

महज शब्द नहीं...

कई जीती-जागती

जिंदगियों का यथार्थ है ये...

मगर हमारे संकीर्ण सामाजिक ढ़ांचों में

ये शब्द तक नहीं समा पाते.. 

ना जाने.. ये लोग कैसे जीते होंगे.....


Monday, 29 November 2021

दिल की हर दुआ

तेरे मासूम से चेहरे को

अपने हाथों में थामकर

लबों के जरिए दिल की हर दुआ

तेरी पेशानी पर लिख देना चाहती थी मैं...

                            पेशानी(माथा/मस्तक)


तेरी बांहों में अपनी बांहें डालकर

किन्हीं अनजाने से रास्तों पर

देर तक चुपचाप

तेरे संग चलना चाहती थी मैं... 


तेरी आंखों से होकर

मेरी रूह तक पहुंचने वाले

उस खामोश नशे को

ताउम्र पीना चाहती थी मैं...


तेरे सीने से लगकर 

तेरी धड़कनों के संगीत के

नशे में मदहोश होकर 

कहीं खो जाना चाहती थी मैं..


तेरी जिंदगी के

हर दर्द में तेरी हमदर्द

और तेरे चेहरे की मुस्कुराहटों की

वजह बनना चाहती थी मैं...


देर तक तुझे सुनते-सुनते

तेरे ही दामन में 

किसी मासूम बच्ची की तरह 

सो जाना चाहती थी मैं...


बर्फीली वादियों में

तेरी बाहों में सिमटकर 

तेरे दिल के कुछ और 

करीब हो जाना चाहती थी मैं...


सावन की मदमस्त बूंदों में 

तेरे संग भीगते हुए 

किसी मोरनी की तरह 

नाचना चाहती थी मैं...


अच्छे, बुरे, भले 

जिंदगी के तमाम रंगो से 

तेरे संग हंसते-मुस्कुराते

होली खेलना चाहती थी मैं...


बासंती पवन में

तेरे संग झूमती हुई

उस नशे को अपनी सांसों में 

घुल जाने देना चाहती थी मैं...


तुम्हें बदलने की कोशिश किए बिना 

तुम जैसे हो वैसे ही 

तुम्हें ढे़र सारा 

प्यार करना चाहती थी मैं...


तेरे होने के एहसास को 

अपने इर्द-गिर्द महसूस करते हुए 

जिंदगी की शाम को 

ढ़ल जाने देना चाहती थी मैं.....।